सड़क हादसे में जान गंवाने वाले आरक्षक के परिवार को मिली एक करोड़ रुपये की सहायता, एसपी ने पत्नी को सौंपा चेक


शहर 18 November 2026
post

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले आरक्षक के परिवार को मिली एक करोड़ रुपये की सहायता, एसपी ने पत्नी को सौंपा चेक

सूरजपुर, 18 नवंबर । सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए सूरजपुर जिले के आरक्षक अभय पाण्डेय के परिवार को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल और भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक बृजेश गुप्ता ने दिवंगत आरक्षक की पत्नी पूनम पाण्डेय को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा।

आरक्षक अभय पाण्डेय सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना में पदस्थ थे। 2 फरवरी 2026 को सड़क दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर थी। घटना के बाद पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया पूरी की गई।

17 नवंबर को पुलिस अधीक्षक और बैंक शाखा प्रबंधक ने दिवंगत आरक्षक की पत्नी पूनम पाण्डेय और उनके पुत्र को सांत्वना दी तथा सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस मौके पर पूनम पाण्डेय ने आर्थिक सहायता मिलने पर छत्तीसगढ़ शासन, गृह एवं पुलिस विभाग और बैंक प्रबंधन के प्रति आभार जताया।

आरक्षक अभय पाण्डेय के निधन के बाद उनके पुत्र निर्भय पाण्डेय को जिला एमसीबी में आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई है। वर्तमान में वे सूरजपुर जिले में अटैच रहकर कार्य कर रहे हैं।

पुलिस सैलरी पैकेज योजना का उद्देश्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि कठिन समय में परिवार को संबल मिल सके और उनके भविष्य को सुरक्षित रखने में मदद मिले।

You might also like!