दलीप ट्रॉफी : शाहबाज और सुदीप के शतक से ईस्ट जोन ने दर्ज की पारी और 210 रनों से बड़ी जीत


खेल 25 August 2026
post

दलीप ट्रॉफी : शाहबाज और सुदीप के शतक से ईस्ट जोन ने दर्ज की पारी और 210 रनों से बड़ी जीत

बेंगलुरु, 25 अगस्त। शाहबाज अहमद के करियर के सर्वश्रेष्ठ 167 रन और सुदीप कुमार घरामी के 146 रन की शानदार पारियों के बाद अनुकूल रॉय और अभिजीत सरकार की पांच-पांच विकेट की घातक गेंदबाजी के दम पर ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन से करारी शिकस्त दी।

बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 में खेले गए मुकाबले में ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 467 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। शाहबाज ने 167 रनों की करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली, जबकि सुदीप कुमार घरामी ने 146 रन बनाए। दोनों ने शानदार शतकीय पारियों से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

इसके जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी महज 111 रन पर सिमट गई। अभिजीत सरकार ने 20 रन देकर पांच विकेट झटके, जबकि शाहबाज अहमद ने तीन विकेट अपने नाम किए। नॉर्थ ईस्ट जोन की ओर से अर्पित भटेवार ने सर्वाधिक 32 रन बनाए।

फॉलोऑन खेलने उतरी नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम दूसरी पारी में भी ईस्ट के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। अनुकूल रॉय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। शाहबाज और वैभव सूर्यवंशी ने भी अहम विकेट चटकाए।

नॉर्थ ईस्ट जोन की ओर से पीहेरोइजाम जोतिन ने 39 रन बनाकर कुछ प्रतिरोध किया। नौवें विकेट के लिए आकाश चौधरी और जोतिन ने 39 रन की साझेदारी कर हार को कुछ देर टाला लेकिन अनुकूल रॉय ने चौधरी को बोल्ड करने के बाद जोतिन को भी आउट कर ईस्ट जोन की जीत पक्की कर दी।

इस जीत के साथ ईस्ट जोन ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका सामना पिछले सत्र की चैंपियन सेंट्रल जोन से होगा। दोनों टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला 30 अगस्त से खेला जाएगा।

स्कोर: ईस्ट जोन 467 रन (शाहबाज 167, सुदीप 146) और नॉर्थ ईस्ट की टीम पहली पारी में 111 और दूसरी पारी में 146 रनों पर ऑलआउट हो गई।

You might also like!