मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, सीपेज की समस्या दूर करने 50 लाख रुपये स्वीकृत


शहर 25 August 2026
post

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, सीपेज की समस्या दूर करने 50 लाख रुपये स्वीकृत

अंबिकापुर, 25 अगस्त। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बारिश के दौरान लगातार सामने आ रही सीपेज की समस्या को लेकर कलेक्टर अजीत वसंत ने मंगलवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने अस्पताल की मुख्य बिल्डिंग में पानी के रिसाव के साथ निर्माणाधीन कार्यों, शौचालय और किचन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित निर्माण एजेंसियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद कलेक्टर अजीत वसंत ने आज मंगलवार को बताया कि, जिस भवन में सीपेज की समस्या सामने आ रही है, उसके सुधार के लिए नगर निगम को डीएमएफ मद से 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।

कलेक्टर ने नगर निगम को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा आरईएस और सीजीएमएससी के माध्यम से चल रहे निर्माण कार्यों को भी निर्धारित समय में पूरा करने को कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के किचन और शौचालय की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी ध्यान दिया। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक को इन स्थानों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अस्पताल के डीन अविनाश मेश्राम ने बताया कि कलेक्टर ने अस्पताल का निरीक्षण कर सीपेज और निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। मुख्य भवन में लंबे समय से पानी रिसने की समस्या है, जिसे दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों का भी कलेक्टर ने जायजा लिया और उनकी प्रगति पर संतोष जताया। फिलहाल सबसे बड़ी समस्या मुख्य भवन में सीपेज की है, जिसके समाधान के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मुख्य बिल्डिंग में बारिश के दौरान छत और अन्य हिस्सों से पानी रिसने की समस्या सामने आती रही है। इससे मरीजों के साथ अस्पताल के कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस साल लगातार हो रही बारिश के बीच एक बार फिर अस्पताल में सीपेज की समस्या चर्चा में आई है।

पुराने भवन की स्थिति को देखते हुए अब इसके ऊपर प्रोफाइल शीट से डोम तैयार करने की योजना बनाई गई है। इससे बारिश के पानी को सीधे भवन की छत तक पहुंचने से रोकने में मदद मिलेगी। साथ ही ऊपर तैयार होने वाले स्थान का उपयोग भविष्य में अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी किया जा सकेगा।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सीपेज की समस्या नई नहीं है। पिछले साल भी बारिश के दौरान भवन को तिरपाल से ढककर पानी के रिसाव को रोकने का प्रयास किया गया था। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका।

अब कलेक्टर के निरीक्षण के बाद सीपेज की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि संबंधित निर्माण कार्यों को पूरा होने में करीब एक माह का अतिरिक्त समय लग सकता है।

ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि पिछले साल की समस्या सामने आने के बाद बारिश शुरू होने से पहले स्थायी इंतजाम क्यों नहीं किए गए। फिलहाल प्रशासन ने सीपेज की समस्या को दूर करने के लिए राशि स्वीकृत कर दी है और संबंधित एजेंसियों को काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

You might also like!