महिला डीपीएल: साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 11 रन से हराया


खेल 25 August 2026
post

महिला डीपीएल: साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 11 रन से हराया

नई दिल्ली, 24 अगस्त। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के महिला वर्ग में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 11 रन से हरा दिया। बारिश के कारण आठ ओवरों तक सीमित रहे इस मुकाबले में साउथ दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 68 रन बनाए, जिसके जवाब में सेंट्रल दिल्ली की टीम 5 विकेट पर 57 रन ही बना सकी।

अरुण जेटली स्टेडियम में साउथ दिल्ली की कप्तान श्वेता सहरावत ने 21 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 26 रन बनाकर टीम की पारी को संभाला। तनिषा सिंह ने भी 13 गेंदों पर 19 रन का उपयोगी योगदान दिया। इससे पहले प्रिया पुनिया ने तेज शुरुआत करते हुए चार गेंदों में नौ रन बनाए।

सेंट्रल दिल्ली की ओर से सुमिति सोनी और मेधावी बिधूड़ी ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। 69 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पहली ही गेंद पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद दीक्षा शर्मा ने 16 गेंदों में चार चौकों की मदद से 22 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन छठे ओवर में उनके रन आउट होने के बाद टीम की मुश्किलें बढ़ गईं।

अरुषि गोयल ने 14 और मोनिका ने नौ रन बनाए, लेकिन लक्ष्य तक पहुंचने के लिए यह पर्याप्त नहीं रहा। साउथ दिल्ली की ओर से रूपाली विश्व मोहन, दिशा नागर और एकता भदाना ने एक-एक विकेट लिया। अनुशासित गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के दम पर साउथ दिल्ली ने मुकाबला 11 रन से अपने नाम कर लिया।

You might also like!