अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी से ₹16.24 करोड़ की ठगी, BMC असिस्टेंट कमिश्नर महेश पाटिल निलंबित


मनोरंजन 08 June 2026
post

अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी से ₹16.24 करोड़ की ठगी, BMC असिस्टेंट कमिश्नर महेश पाटिल निलंबित

नई दिल्ली:

जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा से ठगी मामले में एक बड़ी अपडेट आई है. मुंबई महानगरपालिका BMC के K-North वार्ड के सहायक आयुक्त Assistant Commissioner महेश पाटिल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. पाटिल पर मशहूर अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी के साथ 16 करोड़ 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप है.

महेश पाटिल के निलंबन का आधिकारिक आदेश शुक्रवार को ही जारी कर दिया गया था, जिसे रविवार 7 जून को उन्हें सौंपा गया. खार पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही सहायक आयुक्त महेश पाटिल कानून के शिकंजे से बचने के लिए फरार हैं और उनका कोई अता-पता नहीं है.

शिकायत के मुताबिक, महेश पाटिल और उनके सहयोगियों ने बांद्रा इलाके में एक पुनर्विकास परियोजना Redevelopment Project में ऊंचे रिटर्न और भारी मुनाफे का लालच दिया था. इस जालसाजी के लिए बकायदा फर्जी और जाली कागजात तैयार किए गए थे. इस मामले में खार पुलिस ने महेश पाटिल सहित कुल पांच अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है.

मामले की गंभीरता और इसमें शामिल रकम की बड़ी राशि को देखते हुए, इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है. क्राइम ब्रांच की टीमें फरार चल रहे निलंबित अधिकारी और अन्य आरोपियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं

अप्रैल 2024 में जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी को अंधेरी स्थित उनके बंगले के प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर बीएमसी का नोटिस मिला. परिचित अली रजा के जरिए उनकी मुलाकात बीएमसी जी-साउथ वार्ड के सहायक आयुक्त महेश पाटिल से कराई गई. महेश पाटिल ने पहले टैक्स सेटलमेंट का भरोसा दिलाया और फिर बांद्रा पश्चिम के ‘न्यू कमलकुंज' कमर्शियल प्रोजेक्ट में निवेश की सलाह दी. निशित पटेल ने खुद को बड़े बिल्डरों से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि प्रोजेक्ट में पहले से 150 करोड़ रुपए का निवेश हो चुका है. उन्होंने आश्वासन दिया कि दिसंबर 2025 तक कमर्शियल स्पेस का कब्जा मिल जाएगा और विदेशी बैंक के साथ प्री-लीज एग्रीमेंट भी तैयार है.

वहीं, आरोपियों ने जाफरी परिवार के घर कई बार जाकर नक्शे, लेटरहेड, फर्जी रुचि पत्र और प्रोजेक्ट की तस्वीरें-वीडियो दिखाकर भरोसा जताया. भरोसे में आकर जाफरी परिवार ने अपने फ्लैट और बंगले बेचकर पैसा लगाया. पुलिस के मुताबिक, यह रकम पूजन टेक्नोलॉजीज, उदित ट्रेडर्स, एशियन फूड और आरपीपीएल मल्टी ट्रेड जैसी कई कंपनियों के खातों में ट्रांसफर की गई.

You might also like!